Monday 26 March 2018

फिल्मी स्टाईल में हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश

प्रोपर्टी डीलर के मुनीम ने रची थी लूट की झूठी कहानी
अजमेर जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाईयां लगातार जारी है। इस बार ब्यावर सिटी थाना पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दो माह पहले दर्ज हुई लूट की वारदात का पर्दाफाश किया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाने वाले प्रोपर्टी डीलर के मुनीम को ही गिरफ्तार किया है। दरअसल ब्यावर निवासी विजय कुमार शेरवाल ने चाकू की नोक पर पांच लाख रूपए की लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
ब्यावर सिटी थानाधिकारी यशवंत सिंह यादव ने बताया कि प्रोपर्टी डीलर रतन प्रकाश कोठारी के यहां विजय कुमार शेरवाल मुनीम के रूप में काम करता था। विजय ने गत 17 जनवरी को चाकू की नोक पर पांच लाख रूपए लूटे जाने की रिपोर्ट दी थी। उक्त रूपए कोठारी ने विजय को दुकान ले जाने को दिए थे। विजय ने प्रोपर्टी डीलर कोठारी के घर से दो सौ मीटर दुरी पर ही तीन युवकों द्वारा शाॅल ओढ़ाकर अपहरण करने व आंखों में मिर्च झांेककर पांच लाख रूपए लूटने की कहानी बताई थी।
शेयर मार्केट में डूबोए थे रूपए
थानाधिकारी यादव ने कहा कि विजय से गहन पूछताछ की गई लेकिन उसने वारदात करना कबूल नहीं किया। वह हाथ पर चाकू से चीरे लगाने की बात पर जोर देता रहा कि वह खुद यह वारदात कैसे कर सकता है। इस पर उसे ढ़ील दे दी गई और पुराना रिकाॅर्ड खंगाला गया जिसमें सामने आया कि वह शेयर बाजार में काफी रूपए गंवा चुका था। उक्त रूपए भी उसने अपने पिता से ही लिए थे और पिता उस पर रूपए वापस करने का दबाव बना रहे थे। इसके चलते उसने वारदात अंजाम दी।
महिला मित्रों ने फंसवाया
थानाधिकारी यादव बताते हैं कि आरोपी विजय पर पूरी नजर रखी जा रही थी। आरोपी के कई महिला मित्र हैं। उन पर वह काफी रूपए खर्च कर रहा था। इससे भी उस पर शक गहराने लगा। वहीं चिकित्सकों ने उसकी चोटों के संबंध में बताया कि उक्त चोटें खुद ने ही मारी है। इसके साथ ही आरोपी का विजय का पूर्व में काम में लिया जाने वाला मोबाईल वापस चालू हो जाना भी उसके लिए परेशानी का सबब बना और उसे जेल के सीखचों तक खींच लाया। इन सब तथ्यों के मिलने के बाद आरोपी विजय को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पिता से रूपए बरामद कर लिए।
पत्नी ने भी की पुलिस की मदद
आरोपी विजय के कई महिला मित्र हैं, इसकी वजह से उसने अपनी पत्नी को भी एक डेढ माह पहले पीहर भेज दिया था । पत्नी ने आबूरोड़ में महिला उत्पीड़न का केस भी दर्ज करवा रखा है। पत्नी ने गत दिनों पुलिस को आकर बताया था कि घटना के चार-पांच दिन बाद ही विजय घर पर रकम लाए थे और उक्त रूपए पिता को दिए थे। जिसे बाद में पड़ोसी के यहां भी रखवाया था।
नवीन वैष्णव
(पत्रकार), अजमेर
9252958987
26-03-2018
navinvaishnav5.blogspot.com
www.facebook.com/Navinvaishnav87

No comments:

Post a Comment