Monday 17 April 2017

देवनानी की कुर्सी के पीछे पड़ा ब्राह्मण समाज!


खून से पत्र लिखकर देवनानी को मंत्री पद से हटाने की मांग
शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी के ब्राह्मणों द्वारा पण्डित लगाने जाने को लेकर दिए गए कथित बयान से नाराज ब्राह्मण  समाज का रोष बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को ब्राह्मण समाज ने देवनानी को  शिक्षा राज्यमंत्री के पद से हटाने के लिए खून से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और आरएसएस प्रमुख को पत्र लिखा।
शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी इस बार फिर विवादों में है। देवनानी ने अपने प्रोफेसर लगाने को लेकर जयपुर में कथित रूप से एक बयान दिया जिसमें कहा कि जब ब्राह्मण पण्डित लगा सकता है तो वह प्रोफेसर क्यों नहीं लगा सकते। इस बयान के बाद ब्राह्मण समाज में खासा रोष व्याप्त है। समाज के लोग देवनानी को शिक्षा राज्यमंत्री के पद से हटवाने की मांग पर अड़े हुए हैं। सोमवार को ब्राह्मण समाज के सैंकडों लोग बजरंगगढ़ स्थित विजय स्मारक पर एकत्रित हुए। यहां देवनानी के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया गया। समाज के युवाओं ने ‘‘देवनानी कहना मान ले, बोरी बिस्तर बांध ले’’ और जब-जब ब्राह्मण बोला है, सिंहासन भी डोला है’’ जैसे नारे लगाकर अपने रोष का इजहार किया। समाज के लोगों ने अपना लहु निकलवाकर पत्र लिखे। उक्त पत्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को भेजे गए हैं। समाज के अध्यक्ष पण्डित सुदामा शर्मा ने कहा कि देवनानी अपने द्वारा दिए गए बयान को नकार रहे हैं वहीं किसी मीडिया को दिए इंटरव्यू में उन्होंने ब्राह्मण समाज के रोष के लिए उनकी ही पार्टी पर साजिश रचने का आरोप तक जड़ा है। ऐसे बार बार बयान बदलने वाले और पार्टी को ही कटघरे में खड़े करने वाले व्यक्ति को भाजपा शिक्षा राज्यमंत्री के पद से तुरंत बर्खास्त करे। यदि देवनानी को पद से नहीं हटाया जाता तो ब्राह्मण समाज के बच्चों से लेकर बूढ़े और महिलाएं तक सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
नहीं मना सके देवनानी
शिक्षा राज्यमंत्री देवनानी ब्राह्मण समाज को अपने समर्थन में करने के लिए हर उपाय कर रहे हैं लेकिन समाज के अधिकांश लोग उनके विरोध में ही खड़े हुए हैं। देवनानी ने रविवार को वैष्णव ब्राह्मण समाज के रेलवे बिसिट स्थित समारोह में शिरकत की थी। यहां उन्होंने ब्राह्मण समाज की प्रशंसा में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने तो यहां तक कहा कि जो कुछ है आज ब्राह्मण समाज की बदौलत है। देवनानी के समर्थन में ब्राह्मण समाज के कुछ संगठनों ने प्रेस विज्ञप्ती भी जारी की थी लेकिन आज प्रदर्शन करने आए लोगों ने साफ चेता दिया कि ब्राह्मण समाज तब तक शांत नहीं बैठेगा जब तक देवनानी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांग लेते या उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त नहीं किया जाता। प्रदर्शन करने वालों में एडवोकेट अजय त्रिपाठी, विवेक पाराशर, लोकेश शर्मा, अनुपम शर्मा, कैलाशचंद शर्मा सहित अन्य थे।
नवीन वैष्णव
(पत्रकार), अजमेर
9252958987
navinvaishnav5.blogspot.com


No comments:

Post a Comment